बदायूं के उझानी कोतवाली क्षेत्र के गांव कुड़ा नरसिंहपुर में मंगलवार रात पुरानी रंजिश को लेकर विवाद हो गया। हल्ला यह मचा कि पशु चोर गांव पहुंचे थे और ग्रामीणों के विरोध करने पर पशु चोरों ने फायरिंग की लेकिन पीड़ित के अनुसार पुरानी रंजिश में हमला किया और घटना को दूसरा रूप देने के लिए पशु चोरों का हल्ला मचा दिया। इस घटना में ग्रामीण राजीव घायल हुए हैं। उनके जबड़े में गंभीर चोट आई है। सीएचसी उझानी में उनका प्राथमिक उपचार हुआ। इसके बाद राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर किया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद जबड़े में गंभीर चोट होने की वजह से उन्हें सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर करने की बात कही गई है।
घायल के परिजनों का आरोप है कि कुछ लोगों ने राजीव पर हमला किया था। फायरिंग की। गोली चलने के दौरान छर्रे लगे हैं, लेकिन सीएचसी के डॉक्टरों ने गन शॉट होने की बात से साफ इन्कार कर दिया। मेडिकल कॉलेज के डॉक्टर कह रहे हैं कि मरीज का मुंह पट्टी से ढका है, इसलिए कुछ नहीं कह सकते हैं, उसे रेफर किया जा रहा है। उझानी कोतवाली के इंस्पेक्टर सहित अन्य अफसर गोली चलने की बात से इन्कार करते हुए पशु चोरों के हमले की बात कह रहे हैं। फिलहाल, पुलिस जांच कर रही है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है।