उत्तर प्रदेश पुलिस में उप निरीक्षक (दरोगा) पद के लिए जनपद बदायूं में लिखित परीक्षा कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच आयोजित की गई। परीक्षा को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन की ओर से व्यापक इंतजाम किए गए। शहर के श्री कृष्णा इंटर कॉलेज, राजकीय इंटर कॉलेज, नगर पालिका इंटर कॉलेज, राजकीय कन्या इंटर कॉलेज, बिंदु देवी महिला महाविद्यालय, नेहरू मेमोरियल तथा शिव नारायण दास सेमटी सहित कुल 15 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। केंद्रों पर पुलिस बल के साथ-साथ स्टेटिक मजिस्ट्रेट भी तैनात किए गए, जो परीक्षा प्रक्रिया की लगातार निगरानी करते रहे। इसके अलावा केंद्रों के आसपास भी पुलिस की गश्त बढ़ाई गई ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो। इस परीक्षा में जिले में कुल 17,208 परीक्षार्थी शामिल हो रहे हैं। अभ्यर्थियों को निर्धारित समय से पहले केंद्रों पर पहुंचने के बाद जांच प्रक्रिया पूरी कर प्रवेश दिया गया। दरोगा भर्ती परीक्षा के चलते शहर में बाहर से बड़ी संख्या में परीक्षार्थी पहुंचे। इसके कारण रोडवेज बसों में भीड़ काफी बढ़ गई। कई अभ्यर्थियों को बसों में खड़े होकर सफर करना पड़ा और सीट न मिलने से उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि समय से परीक्षा केंद्र पहुंचने के लिए अभ्यर्थी सुबह से ही बस अड्डों पर पहुंच गए थे।