बदायूं में थाना सहसवान पुलिस और एसओजी टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। गोवंशीय पशुओं की तस्करी के मामलों में वांछित 25 हजार के इनामी बदमाश शकील अहमद उर्फ बड्डे को सोमवार रात हुई मुठभेड़ में पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मुठभेड़ में आरोपी के पैर में गोली लगी है, जबकि एक सिपाही भी घायल हुआ है। दोनों को जिला अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। एसपी ग्रामीण हृदेश कठेरिया ने बताया कि थाना सहसवान पुलिस प्रभारी निरीक्षक राजेन्द्र बहादुर सिंह टीम के साथ क्षेत्र में मौजूद थे। तभी सूचना मिली कि गोकशी के मुकदमों में वांछित शकील अहमद उर्फ बड्डे कछला वाले रास्ते पर भीकमपुर की ओर अपनी रिश्तेदारी जा रहा है। तभी घेराबंदी की तो उसने फायरिंग कर दी। गोली लगने से आरक्षी आलोक कुमार घायल हो गए। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली आरोपी के पैर में लगी और वह गिरकर मौके पर ही दबोच लिया गया। शकील के कब्जे से एक तमंचा 315 बोर और तीन जिंदा कारतूस बरामद किया गया।