बदायूं में पंचायत सहायक यूनियन के बैनर तले पंचायत सहायकों ने मंगलवार को क्रॉप सर्वे के विरोध में मालवीय आवास में धरना देने के बाद कलक्ट्रेट में ज्ञापन सौंपा। इस पर डीएम ने समस्याओं को गंभीरता से संज्ञान लेकर कार्रवाई करने की बात कही। यूनियन के पदाधिकारियों ने डीएम से विशेष आग्रह किया कि क्रॉप सर्वे कार्य के लिए पंचायत सहायकों को बाध्य न किया जाए। उनका सुझाव है कि प्रशासन स्थानीय अखबारों में विज्ञापन देकर प्राइवेट सर्वेयर नियुक्त करें और पंचायत सहायकों को इस अतिरिक्त कार्य से मुक्त किया जाए, ताकि वे ग्राम पंचायत स्तर पर अपनी मूल जिम्मेदारियों पर ध्यान केंद्रित कर सकें। पंचायत सहायकों ने स्पष्ट किया कि वे अपनी मांगों को लेकर एकजुट हैं और यदि जल्द ही ठोस निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। पंचायत सहायक यूनियन के जिलाध्यक्ष ज्ञानेंद्र कुमार प्रजापति, कार्यकारिणी के सदस्य व सभी ब्लॉक के ब्लॉक अध्यक्ष अपने अपने ब्लॉक के पंचायत सहायकों के साथ मौजूद रहे।