बदायूं में अमर उजाला फाउंडेशन के अपराजिता-100 मिलियन स्माइल्स अभियान के तहत राजकीय महिला डिग्री कॉलेज में बुधवार को जागरुकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें छात्राओं को महिला स्वास्थ्य, मासिक धर्म स्वच्छता, पोषण, मानसिक स्वास्थ्य, आत्मरक्षा, साइबर सुरक्षा और आत्मनिर्भरता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई। मुख्य अतिथि जिला अस्पताल की स्त्री व प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. रुचि गुप्ता ने कहा कि एक स्वस्थ युवती ही अपने परिवार और समाज के विकास में बेहतर योगदान दे सकती है। उन्होंने छात्राओं से मासिक धर्म के दौरान स्वच्छता बनाए रखने, संतुलित भोजन करने, नियमित स्वास्थ्य जांच कराने और किसी भी प्रकार की शारीरिक या मानसिक समस्या को नजरअंदाज न करने की अपील की।