बदायूं में दो अफसरों की हत्या के बाद से बंद एचपीसीएल का प्लांट मंगलवार को दोबारा शुरू हो गया। सीएम योगी के सलाहकार अवनीश कुमार अवस्थी ने पूजन कर प्लांट का संचालन शुरू कराया। इस दौरान जिले के वरिष्ठ अफसर भी मौजूद रहे। बता दें कि बीते 12 मार्च को प्लांट में कंपनी के दो अफसरों सुधीर गुप्ता व हर्षित मिश्रा की हत्या के बाद सुरक्षा कारणों से प्लांट को बंद कर दिया गया था। इस घटना के बाद न केवल उत्पादन पूरी तरह ठप हो गया था, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार और किसानों से जुड़ी गतिविधियों पर भी इसका असर पड़ा था। लगभग डेढ़ महीने तक बंद रहने के बाद अब प्रशासन और प्रबंधन की संयुक्त तैयारियों के फलस्वरूप प्लांट का संचालन पुनः शुरू किया गया है।