बदायूं में कार्तिक पूर्णिमा पर श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए जिलाधिकारी अवनीश राय एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. बृजेश कुमार सिंह ने सोमवार को कछला गंगा घाट का निरीक्षण किया। दोनों अधिकारियों ने घाट पर की गई व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया और मौके पर मौजूद अधिकारियों-कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने घाट पर स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा इंतजाम और यातायात नियंत्रण की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसलिए सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें। एसएसपी डॉ. बृजेश कुमार सिंह ने पुलिस बल की तैनाती, यातायात व्यवस्था और भीड़ नियंत्रण के लिए पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि घाट पर आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए हर बिंदु पर सतर्कता बरती जाए। इस दौरान क्षेत्राधिकारी उझानी रजनीश उपाध्याय, थाना प्रभारी उझानी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।