बदायूं की बिल्सी तहसील में शनिवार को आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी अवनीश राय और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने जनसुनवाई कर फरियादियों की समस्याएं सुनीं। समाधान दिवस में राजस्व, पुलिस, बिजली, भूमि विवाद और अन्य विभागों से जुड़ी कुल 46 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें से चार शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष प्रकरणों को संबंधित अधिकारियों को सौंपते हुए समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी अवनीश राय ने अधिकारियों से कहा कि शिकायतों का निष्पक्ष, पारदर्शी और विधिसम्मत निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी शिकायत के निस्तारण में लापरवाही या अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने पुलिस विभाग से संबंधित मामलों की सुनवाई करते हुए अधिकारियों को निष्पक्ष जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ताओं को न्याय दिलाना प्रशासन की प्राथमिकता है।