बदायूं के बिसौली कोतवाली क्षेत्र में गांव फिरोजपुर निवासी किसान रूपेश मिश्रा के घर शुक्रवार की रात चार बदमाश घुस गए। परिवार के अधिकांश लोग घर के बरामदे में सोए हुए थे। घर गांव के बाहर की तरफ है। चारदीवारी काफी नीचे है। बदमाश उसे लांघ कर अंदर घुसे थे। रूपेश मिश्रा की पुत्रवधू साधना उर्फ भावना ने बताया कि वह कमरे के अंदर सो रही थीं। चारों बदमाश कमरे में घुस गए और उनकी कनपटी पर तमंचा लगाकर बंधक बना लिया। उनके मुंह में कपड़ा ठूंस दिया। इसके बाद बदमाशों ने अलमारी में रखे 50 हजार रुपये, सोने चांदी के जेवर समेत दस लाख रुपये का सामान लूट लिया। इसके बाद बदमाश भाग गए। बदमाशों के जाने के बाद वह कमरे से बाहर आई और मामले की जानकारी दी। घटना की तहरीर पीड़ित परिवार ने पुलिस को दी। पुलिस घटना को संदिग्ध मान रही है। एसएसपी ने जांच के लिए एसओजी को लगाया है।