बदायूं जिले में बारिश अब आफत बन गई है। 24 घंटे में बारिश के दौरान अलग-अलग जगहों पर मकान-दीवार गिरने से हादसे हुए हैं। उघैती थाना क्षेत्र के गांव सराहा में बृहस्पतिवार की रात कच्ची छत गिरने से युवक की मौत हो गई। गांव सराहा निवासी प्रदीप (20) पुत्र भूशंकर कमरे में अकेला सो रहा था। बारिश की वजह से अचानक कच्ची छत भरभराकर उसके ऊपर गिर गई। ग्रामीणों की मदद से परिजनों ने उसको मलबे से निकाला। उसे इलाज के लिए बदायूं ले जा रहे थे। रास्ते में ही मौत हो गई। उसावां, कादरचौकी व बिसौली क्षेत्र में भी हादसे हुए हैं।