नजीबाबाद-कोटद्वार मार्ग पर मंगलवार तड़के ट्रैक्टर और डंपर की आमने-सामने की टक्कर हो गई। हादसे में ट्रैक्टर चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलने पर उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र समीरपुर ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान नगीना देहात निवासी राजवीर के रूप में हुई है। बताया गया कि राजवीर किसान सहकारी चीनी मिल से मैली लेकर अपने गांव लौट रहा था, तभी तेज रफ्तार डंपर ने ट्रैक्टर को टक्कर मार दी। हादसे की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और विरोध प्रदर्शन किया। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।