बिजनौर जनपद के चांदपुर में दिन दहाड़े मोबाइल की दुकान पर नेट का रिचार्ज कराने आया युवक दुकानदार की आंखों में लाल मिर्च का पाउडर डालकर गल्ले से करीब 65 हजार की नगदी लेकर फरार हो गया। घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस जांच में जुट गई है। आंम्बेडकर चौक पुलिस चौकी के सामने मोहल्ला कटकुई निवासी सुहैल की मोबाइल की दुकान है। दुकान पर मनी ट्रांसफर का काम भी होता है। बुधवार की सुबह करीब साढ़े दस बजे एक युवक दुकान पर मोबाइल में नेट रिचार्ज कराने के लिए आया। दुकानदार सुहैल ने बताया कि रिचार्ज कर रुपये लेकर जैसे ही उसने काउंटर की ड्राॅज खोली युवक ने उसकी आंख में लाल मिर्च का पाउडर डाल दिया। गल्ले में रखी 60 हजार रुपये की गड्डी व करीब पांच हजार रुपये खुले गल्ले में रखे उठाकर भाग गया। उसने युवक का पीछा भी किया लेकिन युवक भाग निकला। घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर मौके पर पहुंचे सीओ व थाना प्रभारी ने मौका मुआयना कर घटना की जानकारी ली।