बिजनौर में गांव पुराना धामपुर में बहने वाली इकड़ा नदी अब अपने प्राकृतिक रूप से भटक चुकी है। अवैध कब्जों और अतिक्रमण की वजह से यह नदी अब नाले के रूप में बह रही है, जिससे गांव में भीषण जलभराव की स्थिति बन गई है। स्थानीय लोगों की ओर से बार-बार शिकायत के बाद विभागीय अधिकारियों ने कई बार अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया। रिकॉर्ड के अनुसार नदी को कब्जा मुक्त करने की कोशिश की गई, लेकिन जनप्रतिनिधियों के हस्तक्षेप के चलते हर बार कार्रवाई अधूरी रह गई। अब हालात ये हैं कि नदी का पानी अपने बहाव में नहीं बह पा रहा, और गांव की सड़कों पर कई फीट पानी बह रहा है। कुछ घरों में पानी घुस चुका है, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि नदी से अवैध कब्जे हटाकर जलनिकासी की व्यवस्था तुरंत की जाए, वरना हालात और बिगड़ सकते हैं।