बिजनौर जनपद के अफजलगढ़ क्षेत्र में हो रही बारिश भी शिवभक्तों की आस्था और कदमों को नहीं रोक पा रही है। बारिश के बीच भी डाक कांवड़, कलश कांवड़ समेत विभिन्न स्वरूपों में शिवभक्त अपने गंतव्य की ओर बढ़ते नजर आ रहे हैं। राष्ट्रीय राजमार्ग के अलावा नगीना-हरेवली और जसपुर-भूतपुरी मार्गों पर हरिद्वार से कांवड़ लेकर लौट रहे शिवभक्तों और बाइकों से गंगाजल लाने वालों की भीड़ उमड़ रही है। रुद्रपुर, काशीपुर, जसपुर, सुरजननगर, ठाकुरद्वारा और कालागढ़ समेत विभिन्न क्षेत्रों के शिवभक्त भोले की बम-बम और हर-हर महादेव के जयघोष के साथ आगे बढ़ रहे हैं। कई शिवभक्त डाक कांवड़ और कलश में गंगाजल लेकर 150 से 300 किलोमीटर तक की दूरी पैदल तय कर रहे हैं। बारिश के बावजूद उनकी रफ्तार और उत्साह में कोई कमी नजर नहीं आ रही।