बिलाई चीनी मिल के मुख्य द्वार पर सोमवार को सनातन शौर्य संघ के बैनर तले विभिन्न किसान संगठनों की पंचायत हुई। इसमें किसानों के गन्ने का बकाया भुगतान नहीं होने पर रोष जताया गया। वक्ताओं ने कहा कि भुगतान के अभाव में किसान आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। महापंचायत में पहुंचे मिल अधिकारियों को किसानों ने अपनी समस्याएं बताईं और तत्काल भुगतान कराने की मांग की। किसान संघर्ष मोर्चा के युवा प्रदेश अध्यक्ष विकास चौधरी, सनातन शौर्य संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष महंत भूपेंद्र सिंह और जिलाध्यक्ष विकास कुमार उर्फ नूरी ने कहा कि बिलाई चीनी मिल पर किसानों का करीब 86 करोड़ रुपये गन्ना भुगतान बकाया है।