उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के स्योहारा थाना क्षेत्र के गांव हल्दुआ माफी में रविवार सुबह 10:15 बजे राहुल (26) की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हत्या की साजिश मृतक के छोटे भाई दुष्यंत ने रची थी, जिसने चार लाख रुपये की सुपारी देकर दो शूटरों से वारदात कराई। पुलिस ने दुष्यंत समेत दोनों शूटरों को गिरफ्तार कर सोमवार को कोर्ट में पेश किया, जहां तीनों को जेल भेज दिया गया।
पुलिस के मुताबिक, दुष्यंत ने 15 दिन पहले हरिद्वार में टैक्सी चलाने वाले मोहम्मद अमजद से राहुल की हत्या का सौदा किया था। अमजद ने अपने साथी विनीत उर्फ बटलर को साथ लिया। शनिवार को राहुल खेतों की ओर नहीं गया, जिससे शूटरों को वारदात टालनी पड़ी। रविवार सुबह दोनों बाइक से पहुंचे और गन्ना क्रय केंद्र से लौट रहे राहुल को गांव के पास गोली मार दी। एक गोली सीने और दूसरी पीठ में लगी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
जांच में सामने आया कि खेती से होने वाली आय को लेकर दोनों भाइयों में विवाद चल रहा था। राहुल की शादी तय होने से दुष्यंत को जमीन के बंटवारे का भी डर था। पुलिस का कहना है कि वारदात के बाद भी दुष्यंत के चेहरे पर कोई पछतावा नहीं दिखा।
पुलिस ने घटना के करीब छह घंटे बाद मुठभेड़ में दोनों शूटरों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के पास से दो तमंचे और एक बाइक बरामद हुई है। मुख्य शूटर विनीत उर्फ बटलर पर हत्या के प्रयास, लूट और फिरौती समेत 16 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। दुष्यंत और अमजद के खिलाफ भी पूर्व में दो-दो मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।