डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन का वार्षिक चुनाव शुक्रवार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया। अध्यक्ष, महासचिव, उपाध्यक्ष समेत विभिन्न पदों पर होने वाले चुनाव में 1325 अधिवक्ता मतदाताओं में से 1099 ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। 12 प्रत्याशियों की किस्मत मतपेटी में कैद हो गई। शनिवार को मतगणना सुबह 11 बजे से शुरू होगी। किसके सिर पर ताज सजेगा यह फैसला हो जाएगा। डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन के विभिन्न पदों पर हर साल वार्षिक चुनाव होता है। शुक्रवार को सुबह 10 बजे से दीवानी न्यायालय परिसर स्थित मध्यस्थता केंद्र के दो बूथों पर कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान शुरू हुआ। इस दौरान गहमागहमी का माहौल रहा। एल्डर्स कमेटी के सदस्यों के अलावा चुनाव के लिए नामित पदाधिकारियों ने मतदान शुरू कराया। एक-एक करके अधिवक्ता आए और अपना वोट डालते गए। ज्ञानपुर, भदोही और औराई तहसील के अधिवक्ताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। शाम पांच बजे तक 1325 मतदाताओं में से 1099 ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। डिबाए चुनाव में कुल 82.94 फीसदी वोट पड़ा। अलग-अलग काउंटर पर अध्यक्ष, महासचिव और उपाध्यक्ष के लिए वोट डाले गए। समय खत्म होने के बाद मतपेटिकाओं को सील कर एक कक्ष में रखा गया। एल्डर्स कमेटी के सदस्य मोहन लाल मिश्र ने बताया कि मतदान शांतिपूर्ण तरीके से हुआ। 1325 में 1099 मतदाताओं ने वोट डाला। शनिवार को सुबह 11 बजे से मतगणना शुरू होगी। बताते चलें कि अध्यक्ष के लिए पांच, महासचिव के लिए तीन, वरिष्ठ उपाध्यक्ष के लिए दो, कोषाध्यक्ष के लिए दो समेत कुल 12 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं। मतदान के बाद सभी की किस्मत मतपेटियों में कैद हो गया।