भदोही जिले की चौरी पुलिस ने चोरी की घटनाओं का अंजाम देने वाले दो किशोर समेत कुल छह चोरों को गिरफ्तार किया। वे रात के समय बंद पड़े कमरों व दुकानों का ताला तोड़कर चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। चोरों ने कुछ दिन पहले ही चौरी थाना क्षेत्र के भाला स्थित किराने और जोगीपुर के आयुष्मार आरोग्य मंदिर में चोरी की घटना को अंजाम दिया था। पुलिस ने सभी चोरों को वेदमनपुर परसीपुर (वन विभाग नर्सरी के बगल) से गिरफ्तार किया। औराई सीओ राजीव सिंह ने बताया कि चौरी थाना क्षेत्र में कुछ दिनों से चोरी की घटनाओं की सूचना मिली रही थी। चोरों ने 15 फरवरी को भाला गांव निवासी अमरेश कुमार बिंद के किराने की दुकान से 35 हजार रुपये व 30 डिब्बा सिगरेट चोरी कर लिया था। वहीं जोगीपुर स्थित आयुषमान आरोग्य मंदिर बैटरी और इनवर्टर चोरी कर लिया था। दोनों मामलों में प्राथमिकी दर्ज किए जाने के बाद पुलिस जांच में जुटी थी। इस बीच मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ चोर चोरी की घटना को अंजाम देने के लिए रेकी में लगे हैं। सूचना के बाद पुलिस ने वेदमनपुर परसीपुर (वन विभाग नर्सरी के बगल) से दो नाबालिग समेत छह चोरों को गिरफ्तार किया। जिसमें बालिग चोरों ने पूछताछ में अपना नाम किशन बिंद, आशीष बिंद व आकाश बिंद निवासी भाला और नितेश दूबे निवासी जगदीशपुर बताया। चोरों ने बताया कि वे रात के समय चोरी की घटना को अंजाम देने के बाद सामान व रुपये आपस में बांट लेते हैं। वहीं सामानों को दुकानों पर बेच कर रुपये को बराबर बांट लेते हैं। चोरों ने दोनों चोरी के मामले में शामिल होने की बात स्वीकार की। पुलिस ने उनके पास से चोरी के 18010 रुपये नगद, 20 पैकेट सिगरेट, एक बैटरी, एक इन्वर्टर और घटना में प्रयुक्त चार मोबाइल व एक बाइक बरामद की।