हाईवे प्राधिकरण द्वारा सदलूबीर बाजार में नाली न बनाए जाने को लेकर रविवार को बाजार वासियों ने विरोध जताया। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि नाली न बनने से बारिश के दिनों में बाजार में लबालब पानी लग जाएगा। जिससे सभी को परेशानी होगी। वाराणसी-मछलीशहर हाईवे 731बी का काम तेजी से जारी है। हाईवे के तहत सदलूबीर बाजार में पहले दोनों पटरियों पर नाली का निर्माण कराया जाना था, लेकिन अब हाईवे प्राधिकरण वहां नालियों का निर्माण नहीं करा रहा है। इसको लेकर स्थानीय लोगों ने नाराजगी जताई है। लोगों का कहना है कि अगर नाले का निर्माण नहीं कराया जाता है तो बारिश होने के बाद चारों तरफ पानी भर जाएगा और पूरा पानी बाजार में प्रवेश करने लगेगा। इससे लोगों की फसलों का नुकसान होने की भी आशंका है। इसके अलावा लोगों ने कुछ लोगों को मुआवजा न मिलने पर भी नाराजगी जताई है। मौके पर उर्मिला देवी, महेंद्र कुमार मोदनवाल, त्रिलोकी नाथ बिंद, खिलाड़ी वनवासी, मोतीलाल मोदनवाल, करिया, उर्मिला देवी, लल्लू ,शक्ति, गुड्डू, राजू आदि रहे। वहीं कार्यदायी संस्था के मैनेजर मिथिलेश सिंह ने बताया कि हाईवे प्राधिकरण को जितनी जमीन मिली थी। उसी के अनुसार निर्माण कार्य मानकों के साथ कराया जा रहा है।