दुर्गागंज थाना क्षेत्र के आनंदडीह बाजार स्थित कपड़े की रेडिमेड दुकान में रविवार की देर रात भीषण आग लग गई। आग में पूरी दुकान जलकर राख हो गई। आग लगने के दौरान छह सदस्यीय परिवार अंदर फंस गया। ग्रामीणों की मदद से घर के पीछे स्थित मंदिर पर सीढ़ी लगाकर सभी को सुरक्षित बाहर निकाला गया। पीड़ित ने शार्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई है। करीब 40 लाख के नुकसान का अनुमान जताया है।दुर्गागंज थाना क्षेत्र के आनंदडीह बाजार निवासी ओपी केसरवानी की रेडिमेड कपड़े की दुकान हैं। घर के निकले हिस्से में दुकान और ऊपर के हिस्से में ये अपने परिवार के साथ रहते हैं। जिसमें इनकी पत्नी, दो बच्चे और भाई और उसकी पत्नी रहती हैं। रविवार की रात हर दिन की तरह दुकान बंद कर घर के सभी सदस्य खा पीकर सो गए। इस बीच रात के समय करीब दो बचे दुकान में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपटें तेज हो गई। जिससे परिजनों की नींद खुल गई। इधर आग की लपटें देखते ही देखते भीषण हो गई। परिजनों ने शोरगुल मचाना शुरू किया तो आसपास के लोगों की नींद भी खुल गई। लोगों ने तत्काल पुलिस और अग्निशमन को इसकी जानकारी दी। वहीं आग बुझाने में जुट गए। इस बीच आग लगने से ओपी केशरवानी का पूरा परिवार घर के अंदर फंस गया। स्थानीय लोगों ने घर के पीछे मौजूद मंदिर पर सीढ़ी लगाकर सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद किसी तरह से आग पर काबू पाया गया। पीड़ित के अनुसार शार्ट सर्किट से आग लगी है। इससे करीब 40 लाख रुपये के कपड़ा, फर्नीचर और अन्य सामान पूरी तरह जल गए हैं। दुर्गागंज धानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया गया है। इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। आग शार्ट सर्किट से बताई जा रही है।