सावन महीने में कांवड़ यात्रा को सफल बनाने में पुलिस एवं प्रशासन जुट गया है। शनिवार को जिलाधिकारी शैलेश कुमार और एसपी अभिमन्यु मांगलिक हाइवे पर स्वयं उतरकर व्यवस्था को देखा। प्रयागराज बॉर्डर(भीटी) से लेकर लालानगर टोल प्लाजा तक आरक्षित लेन का जायजा लिया। पुलिस प्रंबंधन, रूट डायवर्जन और यातायात व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उत्तरी लेन पर वाहनों के आवागमन पर पूर्णतया रोक लगाने का निर्देश दिया। डीएम ने कांवड़ मार्गों, लाला नगर टोल प्लाजा स्थित ढ़ाबो, रेस्टोरेंटों, जलपान की दुकान के संचालकों को निर्देश दिया कि खाद्य पदार्थों के गुणवत्ता में कमी न आए। ताजा और शुद्ध खाद्य पदार्थ ही बेचें। किचेन में भी पर्याप्त साफ सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करें। मिलावटी या बासी खाद्य पदार्थ पाए जाने दुकान को सीज किया जाएगा। कांवड़ यात्रा के निर्धारित मार्गो, शिविरों व शिवालयों के पास गंदगी न हो। पेय जलापूर्ति व रोशनी की पर्याप्त व्यवस्था हो। सभी नगरीय निकाय और ग्राम पंचायते अपने-अपने क्षेत्र में साफ-सफाई को बेहतर करें। कांवड़ यात्रा मार्गों पर विद्युत व्यवस्था, लाइन और पोल व्यवस्थित रहे। बिजली के स्पर्शाघात से कोई घटना घटित न हो, इसके लिए सभी प्रबंध किए जाएं। कांवड़ यात्रा मार्गों और शिवालियों के पास मोबाइल टॉयलेट स्थापित किए जाएं, मार्गों पर पड़ने वाले सार्वजनिक और सामुदायिक शौचालयों की साफ सफाई पर ध्यान दें। कांवड़ यात्रा मार्गों वाले सभी नगरीय निकायों में क्विक रिस्पांस टीम को एक्टिव रखें। कूड़ा कचरा इधर-उधर न फैले कांवड़ यात्रा मार्गों और शिवालियों के पास डस्टबिन रखवाए जाए।