अपर जिलाधिकारी न्यायिक शिवनारायण सिंह एवं अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. तेजवीर सिंह की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक हुई। इसमें हाइवे पर अवैध कट एवं ट्रकों को खड़े होने को लेकर नाराजगी जताई गई। एडीएम ने जिले की खराब सड़कों को ठीक करने के लिए एक्सईएन पीडब्ल्यूडी को जैनू राम को निर्देशित किया। बढ़ते ठंड से कोहरा में सुरक्षित यात्रा और जाम से निजात पाने के लिए जोरई मार्ग, डीएम आवास से मोढ तक, ज्ञानपुर त्रिमुहानी से नेशनल तिराहा, इंदिरा मिल से लिप्पन तिराहा, नेशनल से फूलन देवी तिराहा तक सड़कों के चौड़ीकरण के लिए प्रस्ताव बनाने के लिए कहा। उन्होंने पेट्रोल पंप संचालकों को अवैध कट तत्काल बंद करने का निर्देश दिया। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारी को निर्देशित किया कि बिना परमिशन अवैध कट खोलने पर पेट्रोल पंप संचालक पर विधिक धाराओं का उल्लंघन करने पर एफआईआर दर्ज कराएं। एनएच लुंबिनी मार्ग पर उगापुर मार्केट में कच्चा छोड़ दिया गया है, जिसको डिवाइडर बनाए जाने के लिए निर्देशित किया। बताया कि न ही वहां वृक्षारोपण करवाया गया है, जिससे लोग सड़कों पर कूड़ा करकट डाल देते हैं। इंदिरा मिल फ्लाईओवर का मेंटेनेंस करने के लिए कहा। उन्होंने वाहन चालकों से अपील किया कि शराब पीकर गाड़ी ना चलाएं। ऊंज सीमा से महाराजगंज तक हाइवे पर ट्रकों को न खड़ी करने का निर्देश दिया। कलेक्ट्रेट परिक्षेत्र में स्पीड लिमिट 20 किलोमीटर अधिकतम का साइन बोर्ड लगाने का निर्देश दिया।