ओडिशा के भुवनेश्वर में कांस्य पदक जीतकर लौटे खिलाड़ी अभय कुमार दुबे का शनिवार को हास्टल चौराहा के समीप खान स्पोर्टस एकेडमी में सम्मान किया गया। मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष अनिरुद्ध त्रिपाठी और विशिष्ट अतिथि विधायक विपुल दुबे ने उन्हे अंगवस्त्रम व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। जिला पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि अभय जैसे प्रतिभाशाली खिलाड़ी न केवल भदोही बल्कि पूरे देश का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन कर रहे हैं। कोई भी एथलीट वर्षों के कठोर परिश्रम, अनुशासन और अटूट लगन के बाद ही यह मुकाम हासिल करता है, जिससे पूरा देश गौरवान्वित होता है। विधायक ने कहा कि हमारे जनपद में प्रतिभाओं की कोई कमी नही है बस जरूरत है उन्हे अवसर प्रदान करने की। इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक मिश्र, रुस्तम खान, श्यामधर मिश्र, बृजेश गुप्ता, मनीष पांडेय, अच्युतानंद राय, शाहिद खान, श्याम बिहारी मौर्य, राजा रामपाल, कैलाश पाल आदि रहे।