औराई में करीब डेढ़ दशक से बंद औराई चीनी मिल को चालू कराने की मांग को लेकर भारतीय किसान संघ के पदाधिकारियों ने शनिवार को मिल परिसर के पास धरना दिया। सरकार पर वादा खिलाफी का आरोप लगाते हुए जल्द मिल चालू कराने की मांग किया। कहा कि जब तक मिल चालू नहीं होगी वह आंदोलन करेंगे। मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपा। भारतीय किसान संघ के राष्ट्रीय महामंत्री और गन्ना आयाम समिति के प्रमुख सांई रेड्डी ने कहा कि कभी पूर्वांचल की शान रही दी सहकारी चीनी मिल औराई राजनीति का शिकार हो गई। जिसके कारण साल 2006 में बंद कर दी गई। उसे चालू कराने के लिए जनप्रतिनिधियों से लेकर मुख्यमंत्री तक ने आश्वासन दिया, लेकिन 2017 से लेकर अब तक शुरू करने के लिए कोई पहल नहीं की गई। एथेनाल प्लांट लगाने की भी बात कही गई, लेकिन उसे भी नहीं लगाया गया। अगर चीनी मिल चालू हो जाए तो भदोही संग आसपास के जिले के किसानों को जहां लाभ मिलेगा वहीं युवाओं को रोजगार भी मिलेगा। कहा कि यह तो अभी चिंगारी है, अभी आग लगनी बाकी है। अगर आवश्यकता पड़ी तो विधानसभा को भी घेरने से गुरेज नहीं करेंगे। सरकार यदि किसानों की नहीं सुनती तो ऐसी सरकार रहने से कोई फायदा नहीं है। भारतीय किसान संघ गांव- गांव जाकर गन्ने की खेती करने वाले किसानों की सूची बनाएगी और चीनी मिल को चालू कराकर ही दम लेगी। अंत में एसडीएम बरखा सिंह को ज्ञापन दिया गया।