बरेली में आला हजरत इमाम अहमद रजा खां फाजिले बरेलवी का 107वां उर्स बुधवार को अकीदत के माहौल में मुकम्मल हो गया। इसमें शिरकत करने के लिए देश-विदेश से लाखों जायरीन पहुंचे। बुधवार दोपहर को कुल की रस्म अदा की गई। इसी के साथ तीन दिवसीय उर्स का समापन हो गया। इसके बाद जायरीन की वापसी का सिलसिला शुरू हुआ तो सड़कों पर जनसैलाब दिखा। पुलिस-प्रशासन ने एहतियात के तौर पर डायवर्जन लागू किया है। एसएसपी अनुराग आर्य ने लोगों से अपील की है कि ट्रैफिक डायवर्जन का पालन करें। पुलिस प्रशासन का सहयोग करें। डेढ़ से दो घंटे के अंदर शहर में यातायात व्यवस्था को सामान्य कर लिया जाएगा।