बरेली के किला थाना क्षेत्र के एक चौकी इंचार्ज ने शिकायत करने पर युवक के घर में घुसकर उसकी पिटाई लगा दी। पीड़ित परिवार शुक्रवार को एसएसपी दफ्तर पहुंचा और चौकी इंचार्ज के खिलाफ शिकायत की। एसएसपी ने जांच के आदेश दिए हैं। किला क्षेत्र के चौधरी तलाब निवासी इमरान की मां ने चौकी इंचार्ज के खिलाफ एसएसपी से शिकायत की थी। आरोप है कि चौकी इंचार्ज को इस बारे में पता चला तो वह चार पांच सिपाहियों को लेकर उनके घर में घुस गए और इमरान को जमकर पीटा, फिर उसको पकड़ लिया। आरोप है कि चौकी ले जाकर दरोगा ने इमरान को पटे से पीटा और फोन छीन लिया। दरोगा ने इमरान का शांतिभंग में चालान भी कर दिया।