बरेली के शेरगढ़ विकासखंड की ग्राम पंचायत सुल्तानपुर में शनिवार रात एक सांड़ कुएं में गिर गया। 12 घंटे के बाद रविवार सुबह उसको जेसीबी मशीन से तीन घंटे की मशक्कत से निकाला गया। ग्रामीणों के मुताबिक, सुल्तानपुर में कुएं पर स्लैब डला हुआ था। शनिवार देर रात सांड़ उसपर चढ़ा, जिससे वह टूट गया और सांड़ कुएं में गिर गया। सांड़ गिरने से लोगों की भीड़ जुट गई। रात होने के कारण उसको निकाला नहीं जा सका। इसकी सूचना रविवार सुबह 9:00 बजे एसडीएम मीरगंज निधि शुक्ला और थानाध्यक्ष शाही देवेंद्र विश्नोई को सूचना दी गई। दुनका चौकी पुलिस और क्षेत्रीय लेखपाल वहां आए। सांड़ को निकालने के लिए जेसीबी मशीन मंगाई गई। तीन घंटे की मशक्कत से सांड़ को सकुशल निकाल लिया गया। उसको निकालने के लिए ग्रामीण श्रीकृष्ण ने कुएं में उतरकर सांड़ के शरीर पर रस्सी बांधी।