बरेली में गुरु श्री तेग बहादुर जी के प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में रविवार को नगर कीर्तन निकाला गया। नगर कीर्तन की शुरुआत दोपहर बाद जनकपुरी स्थित श्री हरगोविंद साहिब सिंह सभा से की गई। श्री गुरु ग्रंथ साहिब की अगुवाई में यह नगर कीर्तन निकाला गया। इसमें वीर खालसा ग्रुप गतका पार्टी ने हैरतअंगेज प्रदर्शन किया। वहीं कलाई पर बाज लिए चल रहे निहंग सिंह आकर्षण का केंद्र रहे। इसमें नानकमत्ता से आए बैंड ने समां बांध दिया। साथ ही महिला मंडल की सदस्य कीर्तन से गुरु साहिब का गुणगान कर रहीं थीं। श्री गुरु ग्रंथ साहिब के आगे युवक-युवतियों की टोली सड़क साफ करते चल रही थी। वहीं पंच प्यारे शोभा बढ़ा रहे थे। नगर कीर्तन शहीद चौक दीनदयाल पुरम, हरि मंदिर, गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा माडल टाउन होते हुए गुरुद्वारा श्री गुरु दुख निवारण संजय नगर में संपन्न हुआ। इसके बाद गुरु का अटूट लंगर बांटा गया। मुख्य दीवान 29 अप्रैल को गुरुद्वारा श्री गुरु दुख निवारण संजय नगर में जाएगा।