बरेली में ब्रह्मचारी कालिकानंद गोशाला धर्मार्थ चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से श्रीमद्भागवत कथा सप्ताह ज्ञान यज्ञ का आगाज सोमवार को श्री त्रिवटीनाथ मंदिर में हुआ। इस अवसर पर भव्य कलशयात्रा निकाली गई। इस दौरान लोगों ने कलशयात्रा का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। कलशयात्रा मनोहर भूषण इंटर कॉलेज, जनकपुरी, धर्म कांटा होते हुए वापस त्रिवटीनाथ मंदिर पहुंची। इसके बाद कथा में स्वामी कैलाशानंद महाराज ने भागवत महात्म का वर्णन करते हुए लोगों को जीवन जीने की कला से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि जीवन में जो भी घटित होता है, वह लाखों वर्षों पहले लिखा जा चुका है। कहा कि श्रीमद्भागवत कथा में स्वयं भगवान नारायण विराजमान होते हैं। हनुमानजी की उपस्थिति भी हर कथा में रहती है, चाहें वे भागवत कथा हो, शिवकथा, या रामकथा हो। उन्होंने बताया कि भागवत कथा हमारे जीवन को पवित्र बनाती है और कार्तिक मास में इसका श्रवण धरा को पावन करता है।