बरेली में उमस और गर्मी के बीच जमकर बिजली कटौती हो रही है, जिससे लोगों की नींद उड़ी हुई है। बिजली कटौती से परेशान उपभोक्ताओं ने बृहस्पतिवार रात सुभाष नगर उपकेंद्र पर हंगामा किया। इसके बाद उपकेंद्र के कंट्रोल रूम में अनोखे अंदाज में प्रदर्शन किया। उपभोक्ताओं ने राधा नाम जाप करते हुए विद्युत निगम के अभियंताओं को सद्बुद्धि देने की ईश्वर से कामना की। सुभाष नगर उपकेंद्र का यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में स्पष्ट दिख रहा है कि कंट्रोल रूम में कई लोग माइक लेकर मंजीरे बजाते हुए राधे-राधे का जाप कर रहे हैं।