आल इंडिया मुस्लिम जमात के प्रमुख मौलाना शहाबुद्दीन रज़वी बरेलवी ने समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अखिलेश यादव को बरेली में घुसने नहीं दिया जाएगा। मौलाना रज़वी ने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव बरेली को संभल बनाने की साजिश रच रहे हैं, जिसे किसी भी कीमत पर सफल नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि बरेली की गंगा-जमुनी तहज़ीब और भाईचारे की विरासत के साथ किसी को खिलवाड़ नहीं करने दिया जाएगा।
रज़वी ने कहा कि समाजवादी पार्टी की नीतियां और उनके नेता जिस तरह से धार्मिक भावनाओं के साथ राजनीति कर रहे हैं, वह बेहद निंदनीय है। उन्होंने कहा कि बरेली हमेशा अमन और इंसाफ की आवाज़ उठाने वाला शहर रहा है, और यहां की जनता किसी को भी साम्प्रदायिक एजेंडा फैलाने की अनुमति नहीं देगी।
मौलाना ने आगे कहा कि अखिलेश यादव को चाहिए कि वे नफ़रत की राजनीति छोड़कर विकास और रोज़गार जैसे मुद्दों पर बात करें। उन्होंने कहा कि मुस्लिम समाज अब जागरूक है और वह किसी राजनीतिक दल के बहकावे में नहीं आएगा। रज़वी के इस बयान के बाद बरेली का राजनीतिक माहौल गर्म हो गया है। सपा समर्थकों ने इस बयान को राजनीति से प्रेरित बताते हुए तीखी प्रतिक्रिया दी है। वहीं, स्थानीय प्रशासन किसी भी संभावित तनाव को देखते हुए अलर्ट मोड पर है।