बाराबंकी। जिला अस्पताल में तीन दिन की छुट्टी के बाद मंगलवार को अस्पताल खुलते ही मरीजों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। हालात ऐसे रहे कि पंजीकरण काउंटर पर लंबी-लंबी कतारें लग गईं। मरीजों की संख्या अधिक होने के कारण कर्मचारियों को परचा बनाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। भीड़ इतनी अधिक थी कि कर्मचारियों को कंप्यूटर प्रणाली के बजाय हाथ से पर्चे बनाने पड़े। लगातार मरीजों के आने से अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल रहा। मरीजों को भी लंबा इंतजार करना पड़ा, जिससे अव्यवस्था की स्थिति बनी रही।