बाराबंकी। रामनगर के भरसवां गांव निवासी राजेश यादव (55) रामनगर कोतवाली में चौकीदार थे। उनके पुत्र रामू ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि मंगलवार रात उनके पिता कोतवाली से ड्यूटी कर घर लौट रहे थे। रास्ते में गांव के कुछ लोगों ने उन्हें घेर लिया और लाठियों से हमला कर दिया। शोर सुनकर पहुंचे राजेश के चचेरे भाई ने आरोपियों को मौके से भागते हुए देखा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने गंभीर रूप से घायल राजेश को सीएचसी रामनगर पहुंचाया, जहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। सीओ रामनगर गरिमा पंत ने बताया कि मृतक के बेटे की तहरीर पर पांच लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रारंभिक जांच में कहासुनी के बाद विवाद की बात सामने आई है। रामनगर के मौजूदा थाना प्रभारी अरुण प्रताप सिंह हैं। एक महीने पहले कटियारा गांव में एक युवक का शव फंदे पर लटका मिलने के बाद ग्रामीण रोड जाम कर दिया था। इस दौरान जाम कर रहे लोगों को रोकने पर उन्होंने थाना प्रभारी पर पथराव और हमला कर घायल कर दिया गया था। स्थानीय लोग कहना है कि पुलिस का डर भी नहीं रह गया।