शहर कोतवाली क्षेत्र में बाराबंकी-जैदपुर मार्ग पर गिट्टी लदे ट्रॉला की टक्कर से ऑटाे सवार युवक सड़क पर गिरे और ट्रॉला युवक को कुचलता हुआ चला गया। मृतक उनाव के निवासी और जैदपुर के एक निजी स्कूल में शिक्षक थे। युवक की मौके पर मौत हो गई जबकि ऑटो में सवार अन्य यात्री बाल बाल बच गए। पुलिस ने ट्राला कब्ले में ले लिया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार लखनऊ-अयोध्या हाईवे पर बने ओवरब्रिज के नीचे से बाराबंकी-जैदपुर मार्ग गुजरा है। दोपहर करीब 12 बजे सीएनजी चलित ऑटो सवारियां लेकर बाराबंकी आ रहा था जबकि ट्रॉला हाईवे से उतरकर सर्विस लेन पर आ रहा था। मोड़ के पास ट्रॉला की टक्कर ऑटो में लगी तो ऑटो में सवार युवक उछलकर सड़क पर गिरा और ट्रॉला उनको कुचलते हुए निकल गया। युवक के गिरते ही आसपास मौजूद लोग चीख-पुकार करने लगे, लेकिन तब तक उसकी जान जा चुकी थी। यातायात प्रभारी रामयतन यादव ने बताया कि मृतक की पहचान उन्नाव जिले के मौरांवा थाना क्षेत्र के पांडेयपुर निवासी आशीष यादव (31) के रूप में हुई। वह जैदपुर क्षेत्र के एक निजी स्कूल में शिक्षक थे और किराए के कमरे में रहते थे। वह किसी काम से बाराबंकी आए थे। घटना के बाद उनके परिजन बाराबंकी पहुंचे तो कोहराम मच गया। मौत के बाद आई स्पीड ब्रेकर की सुध यह हादसा एक बार फिर ओवरब्रिज के नीचे और सर्विस रोड जैसे मार्गों पर तेज रफ्तार भारी वाहनों की लापरवाही को उजागर करता है। शहर में सतरिख मार्ग, बाराबंकी-हैदरगढ़ मार्ग पर भी कमोबेश यही हालात हैं। इसे लेकर यातायात प्रभारी ने एनएचएआई के अधिकारियों से बात की। बताया गया है कि सभी जगह स्पीड ब्रेकर बनाए जाएंगे।