श्री लोधेश्वर महादेव की तीर्थ नगरी पूरी तरह से शिवमय माहौल में रंगी हुई है। चारों ओर "हर-हर महादेव" के जयघोष गूंजने लगे हैं। कांवरियों की आस्था देखते ही बन रही है। पैरों में छाले हैं, लेकिन जुबां पर भोलेनाथ के जयकारे थमने का नाम नहीं ले रहे। भगवान शिव के भजनों की धुन पर झूमते श्रद्धालु अपनी मंजिल की ओर निरंतर बढ़ते जा रहे हैं। रामपुर मथुरा से आए श्रद्धालुओं ने इस बार विशेष आकर्षक कांवड सजाया है। श्रद्धालु भगौली तीर्थ, चहलारी घाट और चंद्रिका घाट से गंगाजल लेकर सूरतगंज मार्ग से महादेवा की ओर बढ़ रहे हैं। मार्ग में जगह-जगह डीजे की धुन और 'हर-हर महादेव' के नारे वातावरण को भक्तिमय बना रहे हैं। शिवभक्तों की भीड़ महादेव के दर्शन के लिए रामनगर से महादेवा मार्ग तक उमड़ पड़ी है। हर दिशा से सिर्फ भोलेनाथ का नाम सुनाई दे रहा है। रामपुर मथुरा से आए कांवर यात्री पप्पू पांडेय के पैरों में छाले पड़ गए, जिससे थककर वे रास्ते में ही सो गए, लेकिन उनकी आस्था में कोई कमी नहीं आई। सावन माह में ऐसी अलौकिक श्रद्धा और भक्ति की मिसाल महादेवा तीर्थ में हर साल देखने को मिलती है।