बाराबंकी के मसौली थाना क्षेत्र के बिंदौरा गांव के पास बुधवार सुबह एक खेत में महिला सिपाही का क्षत-विक्षत अवस्था में शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान सुबेहा थाने में तैनात सिपाही विमलेश पाल के रूप में हुई है। ग्रामीणों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस को हत्या की घटना के पीछे हरदोई में तैनात सिपाही पर शक है। एसपी अर्पित विजयवर्गीय ने बताया कि महिला सिपाही विमलेश पाल की ड्यूटी लोधेश्वर महादेवा मंदिर के गर्भगृह में लगी थी लेकिन वह वहां नहीं पहुंचीं। उसका शव तालाब के पास खेत में मिला। घटनास्थल से थोड़ी दूरी पर हरदोई में तैनात सिपाही इंद्रेश मौर्य के नाम पर दर्ज स्कूटी बरामद हुई है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि घटना से पहले विमलेश की इंद्रेश से बात भी हुई थी। सिपाही की छोटी बहन पूजा ने बताया कि रविवार शाम को विमलेश का फोन आया था। विमलेश ने बताया था कि इंद्रेश और उसके परिवार से मुझे खतरा है यह लोग हमें मार डालेंगे।