कोतवाली रामसनेहीघाट क्षेत्र के जयचंद्र गांव में रविवार देर रात एक मजदूर की खेत के पास करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। मृतक की पहचान 37 वर्षीय हरिश चंद्र विश्वकर्मा के रूप में हुई है, जो फर्नीचर का काम करते थे। पुलिस के अनुसार, हरिश चंद्र हरिलालपुरवा चौराहे स्थित एक फर्नीचर हाउस में काम करते थे। रविवार शाम रोज की तरह काम खत्म कर वे घर लौटे और रात करीब आठ बजे धान की फसल की रखवाली के लिए खेत की ओर निकले। इसी दौरान गांव के ही पंकज मिश्रा के खेत के पास से गुजरते समय वे करंटयुक्त तार की चपेट में आ गए। बताया जा रहा है कि पंकज मिश्रा ने अपनी उड़द की फसल की सुरक्षा के लिए खेत के चारों ओर बिजली के तार बिछा रखे थे। करंट लगते ही हरिश चंद्र की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा उनके घर से महज दो सौ मीटर की दूरी पर हुआ। सोमवार सुबह जब ग्रामीण शौच के लिए निकले, तो उन्होंने हरिश चंद्र का शव खेत के किनारे बिजली के तारों में उलझा देखा। सूचना पाकर परिजन व ग्रामीण मौके पर पहुंचे। इसके बाद पुलिस ने पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हरिश चंद्र मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके परिवार में पत्नी, एक बेटी और दो बेटे हैं। अचानक हुई इस दर्दनाक घटना से परिवार में कोहराम मचा हुआ है, जबकि गांव में मातमी सन्नाटा पसरा है।