बाराबंकी शहर के स्वच्छ और सुंदर बनाने के साथ ही नागरिकों को नशा उन्मूलन, योग साधना, नारी जागरण, पर्यावरण संरक्षण जैसे मुद्दों के प्रति जागरूक करने के लिए नगर पालिका ने नई पहल की है। इन मुद्दों पर गायत्री परिवार वर्षों से काम कर रहा है। डीएम शशांक त्रिपाठी ने गायत्री परिवार की उपयोगिता समझी और गायत्री परिवार की ओर से होने वाले चार दिवसीय महायज्ञ में नगर पालिका को सहभागी बनने के लिए निर्देशित किया। शहर के जेब्रा पार्क में पहली बार नगर पालिका के सहयोग से गायत्री परिवार 251 कुंडीय महायज्ञ करने जा रहा है। यह आयोजन भले ही चार दिन 26 से 29 नवंबर तक चलेगा लेकिन इसकी तैयारी अभी से चल रही है। नगर पालिका के कर्मचारियों के साथ गायत्री परिवार के दर्जनों कार्यकर्ता जेब्रा पार्क में हवन कुंड बनाने के साथ ही सफाई करने जैसे कार्यों में जुटे हैं। नगर पालिका के ईओ संजय कुमार शुक्ल भी स्वयं व्यवस्थाओं को देख रहे हैं। जेब्रा पार्क में इस तरह का यह पहला आयोजन है। गायत्री परिवार की ओर से पहले भी इस तरह के आयोजन जीआईसी परिसर में किए जा चुके हैं मगर इस बार डीएम की रुचि से नगर पालिका का सहयोग आयोजन में चार चांद लगाएगा। एक साथ ढाई हजार लोगों के यज्ञ में बैठने की व्यवस्था की जा रही है। आयोजन में शहर वासियों की सहभागिता सुनिश्चित कराने के लिए नगर पालिका के सभी सभासद गायत्री परिवार के सदस्यों संग घर-घर अक्षत बांटकर निमंत्रण दे रहे हैं। एक साथ निकलेंगी चार कलश यात्राएं गायत्री परिवार के वरिष्ठ कार्यकर्ता एपी शर्मा ने बताया कि 26 नवंबर से यज्ञ का शुभारंभ कलश यात्रा से होगा। शहर में एक साथ चार स्थानाें नागेश्वर नाथ, गायत्री शक्ति पीठ ओबरी, प्रज्ञापीठ आजाद नगर व सतोखर तालाब के निकट शिव मंदिर से निकाली जाएंगी। चारों यात्राएं शहर के धनोखर चक्रतीर्थ सरोवर पर एकत्र होंगी। वहां से नाका सतरिख होकर आयोजन स्थल जेब्रा पार्क तक जाएंगी। 27 नवंबर को सुबह सात बजे देव पूजन होगा। 28 व 29 नवंबर को सुबह सात बजे से यज्ञ, शाम को सात बजे से भजन कीर्तन होगा। सभी दिनों में नशा उन्मूलन व परिवेशीय स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण पर विद्वान अपने विचार रखेंगे। नगर पालिका के ईओ संजय कुमार शुक्ल का कहना है कि शहर वासियों को नशामुक्त बनाने, स्वच्छ रखने, पर्यावरण के प्रति जागरूक करने में गायत्री परिवार का सहयोग इस महायज्ञ के बाद भी निरंतर लिया जाएगा।