बाराबंकी में सुबह जिला कार्यालय पहुंचे उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने समाजवादी पार्टी पर ऐसा राजनीतिक प्रहार किया कि पूरा परिसर देर तक सियासी गर्माहट में डूबा रहा। पाठक ने सपा को “प्राइवेट लिमिटेड कंपनी” बताते हुए कहा कि इन लोगों ने अपने शासनकाल में “प्लांट कब्जाने से लेकर बहन-बेटियों की इज्जत से खिलवाड़ तक का खेल खेला है। उन्होंने दावा किया कि भारतीय लोकतंत्र को कमजोर करने का सबसे बड़ा प्रयास फर्जी वोटरों के जरिए हुआ है। पाठक बोले, “भारत निर्वाचन आयोग ने मतदाता सूची का सघन पुनरीक्षण अभियान शुरू किया है। अब असली जनादेश सामने आएगा। आप बिहार देख लीजिए 65 लाख फर्जी नाम मिले थे। यूपी में भी 14–15 साल के लड़कों को वोटर बनाया गया है। डिप्टी सीएम यहीं नहीं रुके। उन्होंने सपा के पुराने कार्यकाल पर निशाना साधते हुए कहा, उन्होंने तो अपनी सरकार में ‘वन जिला–वन माफिया’ लागू कर दिया था। कानून-व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं थी। पूरा तंत्र माफियाओं की जेब में था। देश के विकास पर बात करते हुए पाठक ने कहा कि आज भारत दुनिया में डिजिटल लेन-देन में नंबर वन है। यह नया भारत है। यह वही देश है जिसे कभी गरीब माना जाता था, आज तकनीक में अग्रणी है। राम मंदिर को लेकर विपक्ष पर तंज कसते हुए पाठक ने कहा, “दर्शन करने तो जाते नहीं, मगर घर में शादी-विवाह हो तो गणेश पूजा भी करते हैं, गौर भी बनाते हैं, गोबर की पूजा भी करते हैं। यह सब सिर्फ स्वांग है।” पाठक के इस तेवर भरे बयान के बाद स्थानीय राजनीतिक माहौल और भी गर्म हो गया है। जिला कार्यालय में मौजूद कार्यकर्ताओं और अधिकारियों ने उनके हर आरोप पर तालियाँ बजाकर समर्थन जताया, जबकि विपक्ष ने इसे बौखलाहट बताया है।