बाराबंकी जिले में स्वतंत्रता दिवस का जश्न पूरे जोश और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। सुबह की पहली किरण के साथ ही सड़कों पर प्रभात फेरी का दौर शुरू हुआ। नन्हे-मुन्ने बच्चे हाथों में तिरंगा थामे, देशभक्ति के तरानों के बीच “वंदे मातरम” और “भारत माता की जय” के उद्घोष करते हुए गलियों और मोहल्लों में निकले। हर घर, हर छत और हर चौराहे पर तिरंगा लहरा रहा है, मानो पूरा जिला तिरंगे के रंग में रंग गया हो। कलेक्ट्रेट परिसर में जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रगान की गूंज के बीच सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। पुलिस लाइन में पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने तिरंगा फहराने के बाद परेड की सलामी ली और कर्तव्यनिष्ठा व उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। उधर, जिले के स्कूलों और कॉलेजों में देशभक्ति से सराबोर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का सिलसिला जारी है। कहीं नाटक और कविताओं के मंचन के जरिए स्वतंत्रता संग्राम की कहानियां जीवंत की जा रही हैं तो कहीं बच्चों की झांकियां आज़ादी के नायकों को श्रद्धांजलि दे रही हैं। जगह-जगह देशभक्ति गीतों की धुन पर लोगों के कदम थिरक रहे हैं और माहौल में एक अद्भुत एकता और उत्साह का रंग घुला हुआ है।