सैदनपुर। सिरौलीगौसपुर में सात दिनों से चल रहा किसानों का अनिश्चितकालीन धरना आठवें दिन एडीएम के आश्वासन के बाद समाप्त हो गया। यह धरना भ्रष्टाचार के मामलों में कार्रवाई की मांग को लेकर किया जा रहा था। धरने पर बैठे किसान मरकामऊ से चौकाघाट जाने वाले सड़क मार्ग पर कुछ वर्ष में ही पुल जर्जर होने से बड़े वाहनों के आवागमन ठप्प होने तथा ताशीपुर में जांच कर्मियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग सहित कुल 16 बिंदुओं को लेकर धरना चल रहा था। इससे पहले पुलिस क्षेत्राधिकारी और उप जिलाधिकारी से हुई वार्ता विफल होने के बाद मौके पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व निरंकार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक विकास चंद्र त्रिपाठी, उपजिलाधिकारी प्रीति सिंह, तहसीलदार बालेन्दु भूषण वर्मा, पुलिस उपाधीक्षक रामनगर गरिमा पंत, बीडीओ संजीव गुप्ता, एडीओ पंचायत मनोज मिश्रा, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली बदोसरांय अजीत विद्यार्थी सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल धरना स्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने किसान नेताओं से विस्तृत वार्ता की। अपर जिलाधिकारी ने किसानों को आश्वासन दिया कि उनकी कई समस्याओं का समाधान कर दिया गया है, और जो समस्याएं शेष रह गई हैं, उनकी जांच करवाकर दो दिनों के भीतर कार्रवाई की जाएगी। इस आश्वासन पर किसानों ने धरना समाप्त करने का निर्णय लिया। भारतीय किसान यूनियन भदौरिया संगठन के जिलाध्यक्ष रवींद्र सिंह ने बताया कि तहसील और ब्लॉक स्तर की छोटी समस्याओं का निस्तारण एसडीएम, तहसीलदार और नायब तहसीलदार द्वारा कर दिया गया है। उन्होंने यह भी बताया कि वे मुख्यमंत्री आवास जाने की तैयारी में थे ।इस मौके पर देवकीनंदन वर्मा, आकाश यादव, तिलक राम गुप्ता, सुहैल अहमद, मोहम्मद शुऐब, अंशू लाला इंद्रसेन सिंह, सहित दर्जनों महिलाएं और सैकड़ों किसान कार्यकर्ता मौजूद रहे।