गोंडा में महाशिवरात्रि के अवसर पर 112 वर्ष पुराने विसुही पुल के निर्माण की मांग को लेकर राष्ट्रीय छात्र पंचायत के कार्यकर्ताओं ने अनोखा प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने पुल के नीचे वैदिक मंत्रोच्चार के साथ रुद्राभिषेक कर मुख्यमंत्री की तस्वीर पर जल चढ़ाया। राष्ट्रीय छात्र पंचायत के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवम पांडेय के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने हिंदू रीति-रिवाज से पूजा-अर्चना की। इस दौरान योगी आदित्यनाथ की फोटो स्थापित कर जलाभिषेक किया गया और जर्जर पुल के शीघ्र निर्माण की मांग उठाई गई। शिवम पांडेय ने बताया कि उन्होंने पुल निर्माण की मांग को लेकर 24 घंटे का निर्जल व्रत रखा है। उनका कहना था कि महाशिवरात्रि पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु इसी पुल से होकर एशिया की प्रसिद्ध शिवलिंग बाबा पृथ्वीनाथ मंदिर जलाभिषेक के लिए जाते हैं, ऐसे में पुल की जर्जर स्थिति लोगों की सुरक्षा के लिए खतरा बनी हुई है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री से ही पुल निर्माण की उम्मीद है, इसलिए प्रतीकात्मक रूप से उनके चित्र पर जलाभिषेक कर मांग रखी गई है। कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं ने पुल की स्थिति को लेकर प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की मांग की।