यूपी के बाराबंकी में एक गर्भवती महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना पर पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। मामले की जांच की जा रही है। मामला रामसनेहीघाट कोतवाली क्षेत्र के मुरारपुर मजरे गोकुला गांव का है। गांव निवासी हेमचंद्र के घर काजल (24) की रविवार रात संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। काजल मूल रूप से रजईपुर मजरे भेंदुवा की निवासी थी। वह पिछले करीब दो वर्षों से ताशीपुर निवासी मोहम्मद इसरार के मकान में किराये पर रह रही थी। घटना की सूचना पर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक जगदीश प्रसाद शुक्ला पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मामला संदिग्ध प्रतीत होने पर फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। मौके पर पहुंचे नायब तहसीलदार सुधाकर पाण्डेय की मौजूदगी में पंचनामा की कार्रवाई पूरी की गई। कोतवाल जगदीश प्रसाद शुक्ल का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल मामले की जांच जारी है।