यूपी के बाराबंकी में शनिवार को राज्यसभा सांसद डॉ. दिनेश शर्मा ने जिला पंचायत सभागार में प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान उन्होंने बताया कि आगामी 31 अक्टूबर को ‘रन फॉर यूनिटी’ का आयोजन किया जाएगा। इस आठ किलोमीटर लंबी दौड़ में समाज के हर वर्ग से लोग हिस्सा लेंगे। आयोजन का उद्देश्य लोगों तक सरदार पटेल के योगदान को सही और विस्तारपूर्वक पहुंचाना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, सरदार वल्लभभाई पटेल के अद्वितीय योगदान और राष्ट्रीय एकता के प्रति उनकी अटूट निष्ठा से गहराई से प्रेरित हैं। इसी भावना के अनुरूप सरदार पटेल की 150वीं जयंती को इस वर्ष राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में भव्य रूप से मनाया जाएगा। उन्होंने आगे कहा कि यह केवल एक खेल आयोजन नहीं, बल्कि राष्ट्रीय एकता, अखंडता और देशभक्ति का प्रतीक होगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चाहते हैं कि देश की नई पीढ़ी लौह पुरुष सरदार पटेल के संघर्षों और भारत के एकीकरण में उनकी निर्णायक भूमिका को समझें।