यूपी के बाराबंकी में दरियाबाद विधानसभा से छह बार विधायक रहे स्वर्गीय राजा राजीव कुमार सिंह की चौथी पुण्यतिथि उनके पैतृक हड़ाहा गांव में मनाई गई। इस मौके पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव भी पहुंचे। उन्होंने राजा राजीव कुमार सिंह की समाधि पर श्रद्धासुमन अर्पित किया। इसके बाद मौजूद लोगों को संबोधित किया। इस मौके पर शिवपाल सिंह ने केंद्र और प्रदेश सरकार पर जमकर हमला बोला। कहा कि भाजपा सरकार देश को बांटने का काम कर रही है। पहले हिंदू-मुस्लिम के नाम पर समाज को बांटा गया। अब हिंदुओं को आपस में बांटने की साजिश की जा रही है। कोरोना महामारी के दौरान अव्यवस्थाओं, महंगाई, खाद की कालाबाजारी और यूजीसी कानून को लेकर भी सरकार को घेरा। कहा कि आम जनता महंगाई और बेरोजगारी से परेशान है। लेकिन, सरकार जनहित के मुद्दों से ध्यान भटका रही है। प्रयागराज में संतों से प्रमाणपत्र मांगने पर तंज कसा।