बाराबंकी में श्री साईं इंटर कॉलेज शुक्लई की छात्रा प्रतिमा वर्मा ने आईएससी यानि 12वीं में 98.75 प्रतिशत अंक हासिल कर जिले में अपनी मेधा का लोहा मनवाया है। साधारण परिवार से आने वाली प्रतिमा की इस सफलता ने यह साबित कर दिया कि सीमित संसाधन भी बड़े सपनों की राह नहीं रोक सकते है। अमर उजाला से खास बातचीत में प्रतिमा वर्मा ने अपनी शानदार सफलता का श्रेय नियमित पढ़ाई और स्पष्ट लक्ष्य को दिया है। उन्होंने बताया कि वह रोजाना तीन से चार घंटे तक नियमित अध्ययन करती थीं, लेकिन उनका फोकस समय से ज्यादा पढ़ाई की गुणवत्ता पर रहता था। उनका कहना है कि कम समय में भी अगर ध्यान लगाकर पढ़ाई की जाए, तो बेहतर परिणाम हासिल किए जा सकते हैं। प्रतिमा के पिता किसान हैं, जबकि उनकी माता गृहिणी हैं। एक भाई और एक बहन के साथ साधारण पारिवारिक माहौल में पली-बढ़ी प्रतिमा ने सीमित संसाधनों के बावजूद अपने हौसले को कमजोर नहीं होने दिया। अपने भविष्य के लक्ष्य को लेकर प्रतिमा पूरी तरह स्पष्ट हैं। वह डॉक्टर बनना चाहती हैं, खासतौर पर कार्डियोलॉजिस्ट (हृदय रोग विशेषज्ञ)। उन्होंने बताया कि बाराबंकी में हृदय रोग विशेषज्ञ नहीं है। इससे मरीजों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। इसी समस्या को देखते हुए उन्होंने इस क्षेत्र में आगे बढ़ने का निर्णय लिया है। प्रतिमा की सफलता न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है। उनकी यह उपलब्धि उन छात्रों के लिए प्रेरणा है, जो सीमित संसाधनों के बावजूद बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने का हौसला रखते हैं।