बाराबंकी का फतेहपुर नगर शुक्रवार को फागुन के रंग में सराबोर दिखा। यहां भक्ति और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला। फागुन महोत्सव के अवसर पर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह नजर आया। नगर के श्री शक्तिधाम महादेव तालाब मंदिर और ठाकुरद्वारा मंदिर परिसर से भव्य निशान शोभा यात्राएं निकाली गईं, जिनमें होली के रंग और भक्ति रस की छटा बिखरती रही। सुबह श्री शक्तिधाम महादेव तालाब मंदिर परिसर से पहली निशान यात्रा का शुभारंभ हुआ। फूलों से सुसज्जित बग्घी पर विराजमान खाटू श्याम की आकर्षक झांकी श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनी रही। “हारे का सहारा, बाबा श्याम हमारा” के जयकारों के बीच यात्रा आगे बढ़ी। श्रद्धालु हाथों में पताकाएं लिए अबीर-गुलाल उड़ाते हुए भजनों पर झूमते और नृत्य करते चल रहे थे। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर पुष्प वर्षा कर शोभा यात्रा का स्वागत किया गया। यह शोभा यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होती हुई ग्राम सधई पुरवा स्थित खाटू श्याम मंदिर पहुंची, जहां आरती और भजन के साथ समापन हुआ। इसी क्रम में ठाकुरद्वारा मंदिर परिसर से भी श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक निशान शोभा यात्रा निकाली। ब्रम्हाणी टोला, मुंशीगंज, हसीन तिराहा, सट्टी बाजार, ब्लाक तिराहा और तहसील चौराहा सहित विभिन्न मार्गों से गुजरती यात्रा में रंगों की बौछार और भक्ति संगीत की धुनों ने पूरे नगर को होलीमय बना दिया। महिलाएं, युवा और बुजुर्ग सभी भक्ति रस में डूबे नजर आए। नगर के खाटू श्याम मंदिर पहुंचकर यात्रा का समापन हुआ, जहां श्रद्धालुओं ने बाबा के चरणों में निशान अर्पित कर सुख-समृद्धि की कामना की। फागुन महोत्सव के इस अवसर पर नगर पूरी तरह भक्ति, रंग और उमंग के वातावरण में रंगा दिखाई दिया।