बाराबंकी: सड़क पर वाहन की रफ्तार जितनी मायने रखती है, उतनी ही जरूरी चालक की नजर भी है। नजर में जरा सी चूक किसी की जिंदगी पर भारी पड़ सकती है। इसी को ध्यान में रखते हुए शनिवार को एआरटीओ कार्यालय में वाहन चालकों के स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। यहां 200 से अधिक चालकों की आंखों की जांच करने के साथ उनके स्वास्थ्य का परीक्षण किया गया। एआरटीओ प्रशासन अमिताभ राय ने कहा कि चालक स्वस्थ रहेंगे तो वाहन का संचालन भी सुरक्षित ढंग से होगा। स्वास्थ्य ठीक रहने से सड़क हादसों की संभावना को कम किया जा सकता है। उन्होंने चालकों से नियमित स्वास्थ्य जांच कराने और वाहन चलाते समय पूरी सतर्कता बरतने की अपील की। वहीं, पुलिस विभाग की ओर से यातायात प्रभारी रामजतन यादव ने चालकों को सड़क सुरक्षा के नियम बताए। उन्होंने वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करने, जल्दबाजी से बचने और सड़क पर दूसरों की सुरक्षा का भी ध्यान रखने की सीख दी। शिविर में चालकों को सुरक्षित यातायात के प्रति जागरूक किया गया। संवाद