नो हेलमेट, नो फ्यूल का पालन न करने वाले पेट्रोल पंप संचालकों पर कार्रवाई होगी। डीएम सत्येंद्र कुमार सिंह ने कहा है कि नियम का कड़ाई से पालन कराने के लिए निषेधाज्ञा लागू करते हुए निगरानी की जाएगी लेकिन इसके बावजूद बुधवार सुबह करीब 11 बजे देवा रोड स्थित बस स्टेशन के समीप स्थित एक पेट्रोल पंप पर बिना हेलमेट वाले आए बाइक सवारों को पेट्रोल दिया जा रहा है। औपचारिकता के नाम पर नो हेलमेट, नो फ्यूल देने की नोटिस चस्पा है। हालांकि पेट्रोल पंप पर आने वाले बाइक सवारों के चालान कटने लगे हैं। इसके बाद भी न तो लोगों में जागरुकता दिख रही है और न ही पेट्रोल पंप संचालक ही संजीदा है। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के उद्देश्य से नो हेलमेट नो फ्यूल अभियान की शुरुआत की गई है। इस नियम के अनुसार बिना हेलमेट किसी भी पेट्रोल पंप पर कोई भी दोपहिया वाहन चालक पेट्रोल नहीं डलवा सकेगा। इस नियम का पेट्रोल पंपों पर कड़ाई से पालन करने के लिए रोजाना अभियान भी चलाया जा रहा है और चालान भी किए जा रहे हैं लेकिन कई दिन बाद भी कोई बदलाव होता दिखाई नहीं दे रहा है। वाहन चालक और पंप कर्मी दोनों नियमों की अनदेखी करते दिखाई दे रहे हैं।