शहर की तीन लड़कियों से यौन शोषण जैसे गंभीर अपराध में फंसे कारोबारियों पर पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। शनिवार को सीओ सिटी राजीव प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस कर्मियों ने यौन शोषण के आरोपी आटो पार्ट्स विक्रेता आशीष अग्रवाल के जिला परिषद आवास और तिंदवारी रोड स्थित आटो पार्टस व बाइक एजेंसी में छापा मारा है। पुलिस ने बाइक एजेंसी और आटो पार्ट्स प्रतिष्ठान पर ताला डलवा दिया। विवेचक सीओ सिटी राजीव प्रताप सिंह ने बताया कि आशीष के घर में उनके बड़े भाई मिले। उन्होंने आशीष के संबंध में पूछताछ की। घरवालों ने बताया कि घटनाक्रम के प्रकाश में आने पर आशीष अग्रवाल घर से नदारद है। उसका कोई पता नहीं चल रहा है। पुलिस ने भाई से आशीष के संभावित ठिकानों के बारे में पूछताछ की। सीओ ने बताया कि आशीष समेत तीनों आरोपी फरार चल रहे हैं।